सुखदेव भगत के नेतृत्व में कांग्रेस को मिलेगी नई ऊर्जा : अरुण वोरा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत जी के रायपुर आगमन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने उनसे आत्मीय मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, निखिल खिचरिया एवं कौशल किशोर भी उपस्थित रहे।

वोरा ने कहा कि सुखदेव भगत जी को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने से प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी। उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए राहुल गांधी जी के विचारों और संघर्ष को मजबूत करने का कार्य करेंगे।

मुलाकात के दौरान बिजली, UPI, किसान, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसे आम जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वोरा ने कहा कि बढ़े बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, अनियमित बिजली आपूर्ति, UPI लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क, किसानों को उचित मूल्य एवं समय पर भुगतान, सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, स्कूलों में शिक्षकों एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता तथा खराब सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। इस अवसर पर अरुण वोरा ने सुखदेव भगत जी को दुर्ग आगमन का स्नेहपूर्ण आमंत्रण भी दिया।