कांकेर। जिले के क्षेत्र विगत एक सप्ताह से लगातार हो रही भारी बारिश एवं बाढ़ के कारण विद्युत वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रतिकूल मौसम एवं जलभराव के चलते विभिन्न स्थानों पर विद्युत लाइनों में स्थापित कुल 41 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गए हैं, वहीं 02 वितरण ट्रांसफॉर्मर भी खराब हुए हैं। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के लिए विभागीय मैदानी अमले द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं अन्य विद्युत सामग्री को चिन्हांकित किया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार नए पोल स्थापित करने, विद्युत लाइन की मरम्मत एवं खराब ट्रांसफॉर्मरों को बदलने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर तेज: गंगरेल के 14 गेट खुले, भारी बारिश से कई मार्ग बंद
लगातार बारिश एवं कई स्थानों पर जलभराव/बाढ़ की स्थिति के कारण मरम्मत कार्य में भी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा उपलब्ध संसाधनों एवं मैदानी अमले का समुचित उपयोग करते हुए विद्युत आपूर्ति को यथाशीघ्र बहाल करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि टूटे हुए विद्युत पोल, झूलते/गिरे हुए विद्युत तार अथवा जलभराव वाले विद्युत उपकरणों के संपर्क में न आएं तथा ऐसे स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की संभावना होने पर तत्काल संबंधित विद्युत कार्यालय/मैदानी अमले को सूचना दें। विद्युत विभाग नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करता है। मौसम की स्थिति सामान्य होते ही क्षतिग्रस्त विद्युत अधोसंरचना की मरम्मत एवं विद्युत आपूर्ति बहाली का कार्य और अधिक गति से पूर्ण किया जाएगा।
प्रदेश में 8 हजार से ज्यादा नौकरियों का मौका, रायपुर में दो दिवसीय रोजगार मेला
