गंगरेल के 10 गेट खुले, महानदी में छोड़ा जा रहा 48,950 क्यूसेक पानी

Follow Us

जलाशयों में तेजी से बढ़ा जलस्तर, तटीय गांवों में अलर्ट; गंगरेल 98.14 प्रतिशत तो मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत भरा

धमतरी । जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते प्रमुख जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ा है। 25 सितंबर की सुबह 8 बजे की स्थिति में गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत भर चुका है। जलाशयों में लगातार बढ़ रही आवक को देखते हुए सुरक्षा और जल प्रबंधन के तहत पानी की निकासी बढ़ाई गई है।
गंगरेल जलाशय में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। इसके 10 गेट खोलकर कुल 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें रुद्री बैराज के माध्यम से 6,000 क्यूसेक पानी नहर में और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशय में आवक लगातार बनी रहने के कारण आवश्यकता के अनुसार गेटों से पानी छोडऩे की मात्रा बढ़ाई जा सकती है।

० मुरुमसिल्ली और दुधावा से भी बढ़ी निकासी
मुरुमसिल्ली जलाशय में 7,465 क्यूसेक पानी की आवक के बीच 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। दुधावा जलाशय में 18,724 क्यूसेक आवक के मुकाबले 16,606 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। वहीं, सोदूर जलाशय में 16,624 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है और पांच गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।

० तटीय गांवों में अलर्ट
जलाशयों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण महानदी समेत संबंधित नदियों का जलस्तर बढऩे और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।