5000 नियमित और 1812 संविदा पद शामिल, अक्टूबर से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इनमें 5,000 नियमित और 1,812 संविदा पद शामिल हैं। शासकीय स्कूलों में 5,000 नियमित शिक्षकीय पदों पर भर्ती छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होगी।

इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इनमें ई संवर्ग के 2,227 और टी संवर्ग के 2,773 पद हैं।

अक्टूबर और नवंबर में प्रस्तावित परीक्षाएं
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक पद की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद की परीक्षा की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि व्याख्याता पद के लिए ऑनलाइन आवेदन जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है।

आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पद
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भर्ती की तैयारी है। स्कूल शिक्षा विभाग इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। भर्ती अधिसूचना सितंबर में जारी करने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी बताई गई है। भर्ती से संबंधित पदवार विवरण, पात्रता और अन्य शर्तें आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होंगी।