दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार कार ट्रेलर में घुसी, 4 की मौत; मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी मृतकों में शामिल

Follow Us

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के अनुसार, संबंधित ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होने के बाद सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण सड़क पर खड़े ट्रेलर का समय पर दिखाई नहीं देना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि खराब ट्रेलर के पीछे जरूरी चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।

चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। हादसे में शामिल वाहन और सड़क पर खड़े ट्रेलर की स्थिति की भी जांच की जा रही है।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जमशेदपुर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत अन्य मृतकों के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है।मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की।