रायपुर में खेल अकादमियों में प्रवेश का आखिरी मौका, आज होगा चयन ट्रायल

Follow Us

रायपुर। खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और नवीनीकरण का आज अंतिम अवसर है। छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक खिलाड़ी रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में सुबह 11 बजे तक पंजीयन करा सकते हैं। तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल के ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और तीरंदाजी एरिना में होंगे, जबकि हॉकी और एथलेटिक्स के लिए ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा तथा हॉकी स्टेडियम की पिच-02 में सुबह 7 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

चयन प्रक्रिया में राज्य के बालक-बालिकाओं के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकते हैं। ट्रायल के दौरान पंजीयन, दस्तावेजों की जांच, मेडिकल टेस्ट, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति करेगी। खेल अकादमी संचालन नियम 2014 के तहत चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से नि:शुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। ट्रायल में शामिल होने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र या प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य है।