धमतरी। जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने मगरलोड विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, ग्रामीण सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत सिंगपुर और मोहेरा में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सिंगपुर में सीईओ ने महतारी सदन, स्वच्छता व्यवस्था, कृषि सहकारी समिति, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, ग्रामीण बैंक, मुक्तिधाम, वृक्षारोपण कार्य तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। महतारी सदन के बेहतर संचालन और ग्रामीण महिलाओं को इसका अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से उन्होंने इसे सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) को हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं की गतिविधियों के लिए इसका प्रभावी उपयोग हो सके।
यूएई में भारतीय व्यक्ति की हत्या, दो महीने बाद कार में मिले शरीर के 9 टुकड़े
उन्होंने पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। वृक्षारोपण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ, स्थानीय आवश्यकताओं तथा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन की भी समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कृषि सहकारी समिति के प्रबंधक के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र किसानों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने तथा कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सिंगपुर में निर्माणाधीन मुक्तिधाम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक, आपका रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है नया जीवन
इसके बाद उन्होंने बुटीगढ़ पर्यटन स्थल का निरीक्षण कर क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन संभावनाओं एवं विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र के प्रसिद्ध निरई माता मंदिर में दर्शन किए तथा निरई माता समिति के सदस्यों से चर्चा कर मंदिर एवं क्षेत्र की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत मोहेरा के प्रधानमंत्री जनमन क्षेत्र में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मोहेरा स्थित मिडिल एवं हाईस्कूल का निरीक्षण किया।
यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालयीन गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान एवं पढ़ाई से संबंधित विषयों पर चर्चा की तथा उनके साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया। सीईओ जिला पंचायत ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत मगरलोड के सीईओ रोहित बोर्झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
