जगदलपुर में कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, जिंदा कारतूस भी बरामद

Follow Us

जगदलपुर। सार्वजनिक स्थान पर कट्टा लहराकर लोगों को डराने की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक युवक को लालबाग मैदान से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, युवक हाथ में हथियार लेकर सड़क से गुजरने वाले लोगों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान अजय राजपूत (29) निवासी महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 47, नया नाका, जगदलपुर के रूप में हुई है। हथियार और कारतूस की बरामदगी के बाद पुलिस ने प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई पूरी की और आरोपी को जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे और साइबर प्रभारी चंद्रहास सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।