स्टेशन चौक पर रोता मिला 15 वर्षीय बालक, रायपुर पुलिस ने परिजनों से मिलाया

Follow Us

रायपुर। गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही फाफाडीह यातायात थाना पुलिस की टीम को स्टेशन चौक के गेट नंबर-1 के पास एक 15 वर्षीय बालक अकेले रोता हुआ मिला। पुलिस ने बच्चे से बातचीत कर उसे शांत कराया और पूछताछ की। बालक ने बताया कि वह भाटापारा का रहने वाला है और पिता की डांट से नाराज होकर बिना बताए ट्रेन से रायपुर आ गया था। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बच्चे को भरोसे में लेकर उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की और पूरी जानकारी जुटाई।

पुलिस की सूचना मिलने पर बालक के मामा और बहन रायपुर पहुंचे। पुलिस ने उनकी पहचान और आवश्यक तस्दीक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। काफी देर से अपने परिजनों से दूर बालक के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का आभार जताया।