रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 24 वर्षीय युवक का शव मांड नदी के किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कुड़ेकेला निवासी ओम राठिया रविवार शाम गणेश विसर्जन के बाद घर लौटा था। कुछ समय बाद वह बिना किसी को बताए घर से बाहर निकल गया। देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बंगरसुता गांव के पुल के पास झाड़ियों में ओम का शव मिलने की सूचना मिली। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद छाल पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर नदी तक पहुंचने और पानी में गिरने या जाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके साथ रहे दोस्तों से पूछताछ कर रही है, ताकि रविवार शाम से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
