राजनांदगांव। गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में करीब 800 पुलिस जवानों की तैनाती शहर, विसर्जन मार्ग, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख विसर्जन स्थलों पर की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में 10 निगरानी मचान बनाए गए हैं, जबकि झांकी मार्ग, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर 4 ड्रोन के जरिए हवाई निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और विशेष निगरानी दलों के माध्यम से भी लगातार नजर रखी जाएगी। चाकूबाजी, विवाद, झगड़े और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहेंगे। हाल ही में जेल से रिहा हुए लोगों की गतिविधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
विसर्जन के दौरान बाहर से आने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए रेलवे स्टेशन पर अलग निगरानी दल तैनात किया गया है। होटल, लॉज और ढाबों की भी जांच की जाएगी, जबकि शहर के बाहरी और प्रमुख मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त रहेगी। भीड़ का फायदा उठाकर होने वाली चेन स्नेचिंग, मोबाइल-पर्स चोरी और जेब कटने की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष दल सक्रिय रहेंगे। पुराने शहर के संकरे मार्गों को देखते हुए झांकियों के संचालन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक झांकी के साथ 5 वॉलंटियर रहेंगे और झांकियों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ‘वन कॉप-वन पंडाल’ व्यवस्था के तहत प्रत्येक गणेश पंडाल से एक पुलिसकर्मी को सीधे जोड़ा गया है, जो पंडाल समिति के साथ समन्वय करेगा।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुराने शहर के 5 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस और यातायात बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार वाहनों को पुराने शहर में प्रवेश से पहले डायवर्ट किया जाएगा। निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा मुख्य झांकी मार्ग पर वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी और एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित ध्वनि मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उल्लंघन मिलने पर आयोजकों और डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भीड़ में मोबाइल, पर्स और आभूषण सुरक्षित रखने, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। अफवाहों से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है। आपात स्थिति में राजनांदगांव पुलिस कंट्रोल रूम के 94791 92199 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
