रायपुर। नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित एम-12 में 22 सितंबर को तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी पत्नी वीणा सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी पत्नी कौशल्या देवी साय के साथ शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। मंत्री टंक राम वर्मा के अनुसार, तीज जैसे पारंपरिक पर्व सामाजिक मेलजोल, भाईचारे और आपसी जुड़ाव का माध्यम हैं। उत्सव में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ लोक-संस्कृति और तीजा पर्व से जुड़ी परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
