विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, विश्वविद्यालयों को 15 से 30 दिन में सुरक्षित हॉस्टल की व्यवस्था के निर्देश

Follow Us

रायपुर। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें विदेशी विद्यार्थियों के सुरक्षित आवास, संस्थानों की जिम्मेदारी और प्रशासन-पुलिस के साथ बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने संस्थानों को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में छात्रावास से बाहर निजी मकान, पीजी या अन्य स्थानों पर रह रहे विदेशी विद्यार्थियों को अगले 15 से 30 दिनों में संस्थान के सुरक्षित या उससे संबद्ध छात्रावास में स्थानांतरित करने की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही अप्रिय घटनाओं और कानून-विरोधी गतिविधियों की आशंका को पहले से चिन्हित कर जरूरी कदम उठाने, शिकायतों की निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के खिलाफ केवल उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन कानून तोड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों को भारतीय कानून, स्थानीय रीति-रिवाज, सार्वजनिक व्यवहार, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, आपातकालीन संपर्क और नशीले पदार्थों से बचाव की जानकारी देने के लिए नियमित ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। इसके अलावा विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश, आवास और संपर्क संबंधी अद्यतन जानकारी रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रशासन और पुलिस से साझा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से रायपुर में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की।