छत्तीसगढ़ में आज से फिर बढ़ेगी बारिश, एक-दो जगह भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगह भारी बारिश दर्ज की गई। 21 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्से और उससे लगे उत्तरी अंडमान सागर में बना निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जिसके 21 सितंबर को अवदाब और 22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है।

बीते 24 घंटों में छिंदगढ़ में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश हुई। तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 सेमी, जबकि नांगर और सुकमा में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर शहर में 2 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अगले दो दिनों में भी अधिकांश स्थानों पर बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है।

रायपुर में 21 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। यहां तापमान 33 और 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे। बादल और बारिश के कारण कई इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने की संभावना है।