कोरिया। चरचा कॉलरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर बना रेलवे अंडरब्रिज शनिवार सुबह अचानक धंस गया। करीब एक साल पहले तैयार हुई पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से शिवपुर-चरचा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। इससे क्षेत्र की लगभग 25 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। इस मार्ग से रोजाना आम लोगों के साथ करीब 50 से 60 भारी वाहन और कोयला परिवहन भी गुजरता है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
अंडरब्रिज के कम समय में क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लालमुनि यादव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिया के निर्माण की जांच कराने की मांग की। मुख्य मार्ग बंद होने से स्कूल बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है, जिससे स्कूली बच्चों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
आवागमन के लिए लोग चरचा थाने के पास से बने वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इसकी हालत भी खराब बताई जा रही है। यहां मौजूद पुल पहले से जर्जर है और सीसी सड़क भी कई जगह क्षतिग्रस्त है। बढ़ते वाहन दबाव के चलते हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल और उपाध्यक्ष राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और वैकल्पिक मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी से सड़क के गड्ढों को समतल करने का काम शुरू किया गया। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और रेलवे से पुलिया की तकनीकी जांच कराकर निर्माण में खामी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

