कांकेर। शहर के इमलीपारा बाईपास मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों में गौवंश के घायल होने और मौत की घटनाओं को लेकर गौ सेवकों में आक्रोश है। इसी कड़ी में 15 सितंबर को एक और गौ माता के सड़क हादसे में घायल होने की घटना सामने आई। गौ सेवकों का कहना है कि, बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश के कारण हादसे हो रहे हैं। उनके अनुसार, पिछले एक महीने में करीब 50 गौवंश की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है।
घटनाओं के विरोध में गौ सेवकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान “जय गौ माता, जय नंदी महाराज” और “जय भोलेनाथ, जय शिव शंभू” के जयकारे लगाए गए। प्रदर्शन के बाद विशाल गुप्ता सहित गौ सेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर/पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर बाईपास एवं मुख्य मार्गों पर गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की।
ज्ञापन में दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने, भारी वाहनों की गति एवं अनियंत्रित आवाजाही पर कार्रवाई करने, सड़क किनारे रहने वाले गौवंश के लिए सुरक्षित स्थान एवं आवश्यक संरक्षण की व्यवस्था करने तथा भविष्य में गौवंश की सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
गौ सेवकों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


