किरंदुल में सड़क किनारे खड़े 116 ट्रकों पर कार्रवाई, BTOA को व्यवस्थित पार्किंग के निर्देश

Follow Us

किरंदुल। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए किरंदुल पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन और एसडीओपी अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े BTOA के 116 ट्रकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के साथ पुलिस ने BTOA को नोटिस जारी कर ट्रकों की पार्किंग व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार सड़क किनारे भारी वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है और हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले 10 दिनों में MV Act की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 224 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

किरंदुल पुलिस ने वाहन चालकों और आम लोगों से सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने खतरनाक मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने तथा सड़क किनारे यातायात बाधित करने वाली पार्किंग से बचने की सलाह दी है। साथ ही वाहनों को निर्धारित और सुरक्षित स्थान पर ही पार्क करने कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले और नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।