प्रयागराज/कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार स्थित फैक्ट्री में दोपहर करीब 12 बजे आग लगने के बाद लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरी इमारत कुछ ही पलों में ढह गई। हादसे की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जबकि आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। विस्फोट की चपेट में आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर मौजूद थे।
श्मशान में वायरल वीडियो से बवाल: चिता से मांस खाने का दावा, पुलिस जांच में जुटी
अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं कई मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को चारपाई के सहारे अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस, राहत-बचाव दल और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फैक्ट्री एयरफोर्स स्टेशन के करीब होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। फिलहाल मलबा हटाकर लोगों को निकालने का अभियान जारी है और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
