मुर्गा बनाने की बात पर विवाद, पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

लकड़ी के डंडे से सिर और पेट पर किया वार, वारदात के बाद फरार हुआ था आरोपी

बलरामपुर-रामानुजगंज । शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ (लालदारा) में मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मुर्गा बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसकी जान ले ली। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मृतका के पिता सोमारू साय को गांव के लोगों से मिली। सूचना पर वह लालदारा पहुंचे, जहां उनकी बेटी दुखनी बाई घर के अंदर एक कमरे में मृत अवस्था में मिली। उसके सिर और पेट पर चोट के कई निशान पाए गए।

शराब पीने के बाद हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से पहले आरोपी रमेश कोरवा (28 वर्ष) और उसकी पत्नी दुखनी बाई ने हड़िया शराब पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे रमेश ने पत्नी से मुर्गा बनाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रमेश ने लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर और पेट पर कई वार किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। महिला की मौत हो गई।

स्कूटी से 6.40 किलो गांजा बरामद ,महासमुंद में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एफएसएल टीम की मौजूदगी में जांच
घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देहाती मर्ग सूचना दर्ज की और अपराध कायम कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सरई लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।

धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 97/2026, धारा 103(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी रमेश कोरवा पिता टिमला (28 वर्ष), निवासी जोकापाठ (लालदारा), थाना शंकरगढ़ को 30 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक बसंत एक्का, आरक्षक बबलू बेक सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।