सेवा ही संकल्प’ अभियान से जन-जन तक पहुंचाएं सरकार की योजनाएं : साय

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को कहा कि ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़ने का कार्य किया जाना चाहिए। साय यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा एवं जन-समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और छत्तीसगढ़ के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य निर्माण के समय नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे और उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक जिले का दौरा कर संगठन को मजबूती प्रदान की थी। इसी कारण उनका छत्तीसगढ़ से पुराना और गहरा नाता है। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी वह राज्य के विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ से नक्सल समस्या के उन्मूलन के लिए हरसंभव सहयोग दिया है। नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर सहित वनांचल क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। नक्सल प्रभाव के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे लोगों तक अब शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं।

साय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने शिवप्रकाश को लगातार तीसरी बार भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री का दायित्व मिलने पर बधाई भी दी। भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में कई कठिन लक्ष्यों को हासिल किया है।


Read more:- उज़्बेकिस्तान और किर्गिज़ की यात्रा से मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी मज़बूत होंगी


गुजरात में भूकंप के बाद हुए पुनर्निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने गुजरात को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’, बुनियादी ढांचे के विस्तार और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं एवं फैसलों का भी उल्लेख किया। शिवप्रकाश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे निर्णय सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी प्रधानमंत्री ‘संगठन सर्वोपरि’ की भावना का पालन करते हैं। ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वह समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद बनाए रखते हैं। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बूथ स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन, विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और ‘जनसेवक महाकुंभ’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


Read more:- नेपाल के भोटेकोशी बाढ़ में मृतकों की संख्या 626 हुई, 2426 लोग अब भी लापता


भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से निर्धारित 13 कार्यक्रमों के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर संगठनात्मक संरचना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश के बाद जिला और फिर मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करने को कहा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि पार्टी हर वर्ष ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है, लेकिन इस बार कार्यक्रम अधिक व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है और अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी तक सेवा की भावना पहुंचाना है।

जैन ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने 13 प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए हैं, जिन्हें बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित किया जाएगा। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’ 17 सितंबर, आंगनबाड़ी सम्मान, ‘सपनों का भारत’ प्रतियोगिता, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सात अक्टूबर और जन-जल सेवा यात्रा सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।


Read more:- रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, 27 लोगों की मौत और 47 घायल अंतरराष्ट्रीय


कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय ने किया और आभार प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने व्यक्त किया। कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।