कीव। रूस ने यूक्रेन पर फिर बड़ा हमला किया है। रूसी ड्रोन और मिसाइलों ने रातभर कीव क्षेत्र पर हमले किए हैं, जिनमें कम से कम 27 लोग मारे गए हैं और 40 से ज्यादा घायल हुए हैं। कीव के गवर्नर तैमूर टकाचेंको ने बताया कि बुचा जिले में 380 से अधिक लोगों को निकाला जा रहा है। रूस ने यूक्रेन के ओडेसा, निप्रो, कीव, जापोरिज्जिया, सुमी, खेरसॉन, खार्किव, मायकोलाइव, डोनेट्स्क और चेर्निहाइव इलाकों को निशाना बनाया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने बताया कि माइला गांव में रूसी ड्रोन हमले के बाद 300 से ज्यादा कर्मचारी बचाव अभियान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि एक गोदाम पर हमला हुआ है, जिससे आसपास की इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, कीव पर ड्रोन से लगभग लगातार हमले हो रहे हैं। ऐसे हमलों से बचाव के उपाय खोजने में यूक्रेन को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता।
क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख टकाचेंको ने बताया कि रात भर चले हमले में कम से कम 50 आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और भीषण आग कई घरों और एक रेस्तरां तक फैल गई।
वहीं, रूस द्वारा गोला-बारूद के भंडार को निशाना बनाए जाने की खबरों पर जेलेंस्की ने कहा कि अधिकारियों ने कथित सरकारी लापरवाही के आरोप में आपराधिक कार्यवाही शुरू कर दी है और आवासीय क्षेत्रों के पास गोला-बारूद का भंडारण नहीं किया जाना चाहिए था।
