तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा जुनापारा चौकी क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही जुनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि ट्रक और चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों के साथ-साथ फरार ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
