चारामा के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर

Follow Us

*एन एच -30 पर बाबूकोहका के पास टाटा सफारी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों घायल हायर सेंटर रेफर*

कांकेर। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम बाबूकोहका के पास दोपहर करीब पौने दो बजे हुआ। बाइक सवार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सफारी वाहन से उनकी जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को चारामा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

खैरखेड़ा गांव के रहने वाले थे तीनों युवक
हादसे में मृतक और दोनों घायल युवक कांकेर जिले के खैरखेड़ा निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान बिकेश जुर्री, पिता रामसिंग जुर्री के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवकों की पहचान लक्की मंडावी, पिता महावीर मंडावी और कौशल दर्रो, पिता मन्नू राम दर्रो के रूप में बताई गई है।

आमने-सामने की टक्कर से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे-30 से गुजर रहे थे। ग्राम बाबूकोहका के पास विपरीत दिशा से आ रही टाटा सफारी से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। एन एच -30 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हादसे में एक युवक की मौत से उसके परिवार और गांव में शोक का माहौल है।