बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पहुंची एलाइंस एयर की फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान दाहिनी ओर का एक पहिया फट गया। घटना के बाद विमान कुछ दूरी तक घिसटता हुआ आगे बढ़ा। हालांकि पायलट ने समय रहते स्थिति संभाल ली और विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी। लगभग 2 घंटे 35 मिनट के सफर के बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान दाहिने हिस्से का पहिया अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि पहिए में आग लगने की स्थिति भी बनी थी।
लैंडिंग के दौरान अचानक हुई इस घटना से विमान में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट पर भी तत्काल सतर्कता बढ़ाई गई और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए। राहत की बात यह रही कि विमान को नियंत्रित कर सुरक्षित स्थिति में लाया गया और किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल पहिया फटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की जानकारी सामने आने की संभावना है।
वहीं, विमान को हुए नुकसान के चलते उसकी प्रयागराज जाने वाली आगे की उड़ान रद्द कर दी गई है। घटना ने एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग के दौरान तकनीकी सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

