सूरजपुर। जिले के खेल जगत के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि नगर पंचायत प्रेमनगर की होनहार एथलीट सोनिका राजवाड़े, पिता भूपेंद्र राजवाड़े, का चयन एथलेटिक्स के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित शहीद कौशल यादव सम्मान 2025-26 के लिए किया गया है। सोनिका की इस उपलब्धि से सूरजपुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि सोनिका राजवाड़े सरगुजा संभाग से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने वाली जिले की पहली खिलाड़ी बनने जा रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने जिले के खेल जगत को नई पहचान दिलाने के साथ ही क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए भी उम्मीद और प्रेरणा की नई किरण जगाई है। इस सम्मान में सोनिका को छत्तीसगरह शासन से डेढ़ लाख रुपये नगद व प्रमाण पत्र प्राप्त होगा।
सूरजपुर से शुरू हुआ सफर, अब भोपाल में जारी है प्रशिक्षण
सोनिका ने अपने खेल करियर के महत्वपूर्ण दौर में करीब ढाई वर्षों तक जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर में 3000 मीटर दौड़ का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारा। जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर के अध्यक्ष एवं कोच नरेश कुमार कुशवाहा तथा अश्लेश राजवाड़े के मार्गदर्शन में सोनिका ने प्रशिक्षण लेकर अपनी दौड़ में लगातार सुधार किया। मैदान पर उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम रहा कि उन्होंने 3000 मीटर दौड़ में अपनी अलग पहचान बनाने में सफलता हासिल की।
छोटे शहर की बेटी, बड़े सपनों की उड़ान
सोनिका राजवाड़े की सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह सूरजपुर और पूरे सरगुजा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है। उन्होंने साबित किया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। जरूरत है तो सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर मेहनत की। सोनिका की उपलब्धि जिले के उन बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।
प्रतिभाओं को मंच देना जिला एथलेटिक्स संघ का लक्ष्य
जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर का उद्देश्य जिले की अधिक से अधिक खेल प्रतिभाओं को एथलेटिक्स से जोडऩा तथा उन्हें नियमित प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढऩे का अवसर उपलब्ध कराना है। सोनिका राजवाड़े जैसी खिलाड़ी की सफलता इस प्रयास का उत्साहवर्धक परिणाम है। संघ का मानना है कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें पहचानकर सही दिशा देने की है।
जिला एथलेटिक्स संघ ने दी बधाई
सोनिका राजवाड़े के शहीद कौशल यादव सम्मान 2025-26 के लिए चयन पर जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर की पूरी टीम ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि सोनिका आने वाले समय में एथलेटिक्स के क्षेत्र में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी तथा सूरजपुर और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी। संघ के कोच व अध्यक्ष नरेश कुशवाहा ने कहा आज की मेहनत ही कल की पहचान बनती है। मैदान में उतरिए, अपनी प्रतिभा को पहचानिए और सूरजपुर का नाम रोशन कीजिए।
