दिल्ली पहुंचे नगरी नगर पंचायत अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों पर की चर्चा

Follow Us

धमतरी। नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने अपने चार दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों को केंद्र और राज्य सरकार तक पहुंचाने की पहल की। उन्होंने बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में रहने वाले लोगों के आवास और भूमि अधिकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। बलजीत छाबड़ा ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर उनके विशेष कार्याधिकारी प्रशांत कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में निवासरत पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। उन्होंने इस मामले में आवश्यक पहल कर लोगों को राहत दिलाने का आग्रह किया।

दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने द्वारका सेक्टर-13 स्थित छत्तीसगढ़ सदन पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से भी मुलाकात की। स्वास्थ्य लाभ ले रहे किरण सिंह देव का हालचाल जानने के साथ बलजीत छाबड़ा ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच नगरी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। किरण सिंह देव ने क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए स्थानीय लोगों की समस्याओं के प्रति रुचि दिखाई। वहीं बलजीत छाबड़ा ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को उच्च स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही।

बलजीत छाबड़ा ने कहा कि दिल्ली प्रवास का उद्देश्य केवल मुलाकातों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नगरी क्षेत्र के लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को संबंधित स्तर तक पहुंचाना भी रहा। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही।