रायपुर। राजधानी रायपुर में खारुन नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चंगोराभाटा निवासी 53 वर्षीय उमेन्द्र देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेन्द्र 18 अगस्त को बिना किसी को बताए घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश के बाद डीडी नगर थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
इसी बीच खारुन नदी में एक व्यक्ति का शव तैरता दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकाला और पहचान के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी। फिलहाल उमेन्द्र देवांगन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
