स्वतंत्रता दिवस पर कोण्डागांव में लगेगी साक्षरता की अलख, ‘उल्लास महा चौपाल’ से बढ़ेगा अभियान

Follow Us

कोंडागांव। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोण्डागांव जिले में साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद स्कूलों और ग्राम पंचायतों में ‘उल्लास महा चौपाल’ का आयोजन होगा। इस पहल का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करना और उन्हें उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ना है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘अंगूठे से कलम की ओर’ रखी गई है।

जिले के सभी स्कूलों को अभियान से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। छात्र अपने परिवार या आसपास के कम से कम एक ऐसे व्यक्ति को साक्षर बनने के लिए प्रेरित करेंगे, जो पढ़ना-लिखना नहीं जानता। शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक डिजिटल संकल्प लेकर इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इसके लिए फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य डिजिटल माध्यमों के साथ डिस्प्ले और प्रोजेक्टर का भी इस्तेमाल किया जाएगा। निरक्षर लोगों का पंजीयन उल्लास ऐप के माध्यम से किया जाएगा।


Read more:- हर घर तिरंगा अभियान: मंत्री राजवाड़े की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा


स्वतंत्रता दिवस पर महा चौपाल के साथ उल्लास शपथ, कहानियों का कारवां, मातृत्व साक्षरता, अंगूठा मुक्त पंचायत, डिजिटल साक्षरता, सेल्फी प्वाइंट, साक्षरता रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां होंगी। ‘अंगूठे से कलम तक’ सम्मान समारोह के साथ शिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। अभियान का मुख्य संदेश है कि हर व्यक्ति को पढ़ने-लिखने का अवसर मिले और ज्यादा से ज्यादा लोगों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।