रायपुर में बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद

Follow Us

*दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस*

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से रायपुर में रहकर मैकेनिक का काम कर रहा था। उसे टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके से पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और जांच को लेकर चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस की टीम ने शेख रेहान की भी जांच की थी। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

Read more:- असम-अरुणाचल सीमा पर फायरिंग, 8 ग्रामीण घायल; 7 की हालत गंभीर

संजय नगर में दबिश देकर पकड़ा
पुलिस को जांच के दौरान शेख रेहान के संजय नगर इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पासपोर्ट और आधार कार्ड मिलने से बढ़ा सवाल
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। अब पुलिस इन दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को भारतीय दस्तावेज कैसे और किन परिस्थितियों में प्राप्त हुए।

पुलिस आरोपी से उसके भारत आने, रायपुर में रहने, मैकेनिक के रूप में काम करने और भारतीय दस्तावेज तैयार होने से संबंधित जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।