धेमाजी। असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा से लगे धेमाजी जिले के मिंगमांग इलाके में जमीन को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कथित तौर पर सीमा क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें असम के 8 ग्रामीण घायल हो गए। इनमें 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
घटना में घायल ग्रामीणों को तत्काल गोगामुख रूरल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को धेमाजी सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद असम की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गोलीबारी की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों के बीच बातचीत चल रही है और पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी समन्वय किया जा रहा है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है, जबकि संवेदनशील इलाके में सुरक्षा बढ़ाकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा को लेकर लंबे समय से कुछ क्षेत्रों में विवाद रहा है। दोनों राज्य बातचीत और सीमांकन के माध्यम से विवादों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में मिंगमांग में हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान स्थिति को नियंत्रण में रखने और घटना की निष्पक्ष जांच पर है।
