रायपुर। तिरंगा यात्रा को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है, उसके विपरीत काम करती है। उन्होंने दावा किया कि 52 साल तक RSS कार्यालय में तिरंगा नहीं फहराया गया, जबकि आज छत्तीसगढ़ में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। बघेल ने इसे कथित राष्ट्रवाद से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश नहीं बिकने देने की बात कही थी, लेकिन आज देश बिक रहा है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, “राम नाम जपना, पराया माल अपना”, और आरोप लगाया कि अब राम के नाम से जुड़े मुद्दों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है।
पूर्व सीएम ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। बघेल ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और एक सप्ताह में कई हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि एक ही युवती के साथ दो बार गैंगरेप जैसी घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। बघेल ने गृह मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका ध्यान पंचायत की ओर है, जबकि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने गांवों में टैक्स वसूली के कथित आदेश और स्वामी आत्मानंद स्कूलों में फीस लिए जाने को लेकर भी सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
