मुंबई। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) में विवाद गहराता नजर आ रहा है। संस्था की पूर्व जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने दावा किया है कि कुल 11 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है, जिनमें 8 चुने हुए सदस्य शामिल हैं। उपासना सिंह के मुताबिक, सभी सदस्यों ने अपने इस्तीफे सौंपते हुए संस्था के कामकाज को लेकर कई गंभीर शिकायतें सामने रखी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्था में पदों का दुरुपयोग किया जा रहा है और फैसले मनमाने तरीके से लिए जा रहे हैं। उपासना सिंह ने खास तौर पर पद्मिनी कोल्हापुरे और पूनम ढिल्लों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे सदस्यों की बात नहीं सुनतीं और अपनी मर्जी से फैसले लेती हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कलाकारों को बिना ठोस वजह शो-कॉज नोटिस भेजे जाते हैं, उनकी भूमिकाओं में बदलाव किया जाता है और कई मामलों में सदस्यता तक अचानक रद्द कर दी जाती है। उनके अनुसार, इन परिस्थितियों के चलते कई सदस्य मानसिक रूप से परेशान थे।
उपासना सिंह ने कहा कि जब कोई व्यक्ति इस्तीफा देता है तो उसके पीछे कोई गंभीर वजह और अंदरूनी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कुछ सदस्यों ने इस्तीफा देने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं किए गए। अब 11 सदस्यों के इस्तीफे के बाद CINTAA के भीतर विवाद और गहरा गया है। उपासना सिंह ने आने वाले चुनावों की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि चुनाव रजिस्ट्रार की निगरानी में कराए जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।
