नई दिल्ली। यमन के हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर सऊदी अरब और यमन में बड़े हमलों का दावा किया है। हूती लड़ाकों ने लाल सागर के रणनीतिक मोखा बंदरगाह को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। हमले के बाद सामने आए वीडियो में लॉन्चिंग साइट से ड्रोन और मिसाइलें दागते हुए लड़ाके नजर आ रहे हैं। यमनी सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, मोखा पर हुए हमले में 7 लोगों की मौत और 30 लोग घायल हुए हैं। हमले में बंदरगाह की इमारतों, पियर्स और आसपास के इलाकों को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। यमनी सेना ने दावा किया कि एयर डिफेंस ने 11 हूती ड्रोन को मार गिराया।
इसी बीच सऊदी अरब के जाजान में स्थित अरामको की रिफाइनरी भी हूतियों के निशाने पर रही। हूतियों ने ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान में लगी आग को बुझा दिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मोखा बंदरगाह बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के करीब है, जो वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए बेहद अहम मार्ग माना जाता है। लगातार हमलों ने क्षेत्रीय तनाव के साथ ऊर्जा और समुद्री सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
