नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निदेशक राहुल नवीन के कार्यकाल को केंद्र सरकार ने एक साल के लिए बढ़ा दिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके कार्यकाल को 13 अगस्त 2026 से बढ़ाकर 13 अगस्त 2027 तक करने की मंजूरी दी है। आदेश के मुताबिक, उनका कार्यकाल 13 अगस्त 2027 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा। राहुल नवीन को यह पहला सेवा विस्तार मिला है। खास बात यह है कि यह विस्तार उनकी निर्धारित सेवानिवृत्ति की उम्र के बाद भी सेवा जारी रखने का रास्ता साफ करता है। 1993 बैच के IRS अधिकारी राहुल नवीन को अंतरराष्ट्रीय टैक्सेशन और सीमा-पार वित्तीय लेनदेन का विशेषज्ञ माना जाता है।
करीब तीन दशक के करियर में उन्होंने आयकर विभाग में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। 2004 से 2008 के बीच उन्होंने मुंबई स्थित इंटरनेशनल टैक्सेशन डायरेक्टोरेट में काम किया। आईआईटी कानपुर से B.Tech और M.Tech करने के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी से एमबीए किया। राहुल नवीन को सितंबर 2023 में ईडी का अतिरिक्त प्रभार मिला था। अगस्त 2024 में उन्हें पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया गया। उनके कार्यकाल में बैंक फ्रॉड, साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, अवैध खनन और निवेश धोखाधड़ी जैसे मामलों में ईडी की कार्रवाई चर्चा में रही है।
