रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत थाना टिकरापारा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रावणभाठा मैदान, भाठागांव के पास से अवैध गांजा बेचने आए उत्तर प्रदेश के तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14.828 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुड़िया के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
दिनांक 08.08.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रावणभाठा मैदान, भाठागांव के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर श्री नवनीत पाटिल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में थाना टिकरापारा की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर त्वरित घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 14.828 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब मलिक पिता मिट्टन, उम्र 26 वर्ष, निवासी पूर्वी मुस्तफाबाद, लोनी देहात, थाना लोनी, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी कर रायपुर में बेचने की बात स्वीकार की है।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 715/2026 धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जप्त सामग्री: 14.828 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत ₹7,50,000
रायपुर पुलिस ने कहा है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यह कार्रवाई समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
