लोरमी। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में भी बारिश का असर अब गंभीर रूप लेने लगा है। यहां मनियारी नदी उफान पर है और रौद्र रूप धारण कर चुकी है। नदी का पानी तेजी से तटीय इलाकों में प्रवेश कर रहा है, जिससे कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित परसहापारा गांव है, जो मनियारी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
जानकारी के अनुसार, मनियारी नदी में पानी बढ़ने के बाद उसका बहाव काफी तेज हो गया है। नदी का पानी परसहापारा के रिहायशी इलाके में घुस गया, जिसके चलते करीब 35 परिवारों के लगभग 150 लोग बाढ़ के पानी से घिर गए। अचानक बिगड़ी स्थिति के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के घरों और आसपास के इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों के लिए सामान्य आवाजाही मुश्किल हो गई है।
ग्रामीण की मौत हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए SDRF और नगर सेना की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। टीमों का प्रयास है कि बाढ़ के पानी से घिरे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर किसी ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए लोगों को पास के बिजरा गांव में शिफ्ट किया जा रहा है। वहां बाढ़ प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही उनके लिए भोजन और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। प्रशासन का पूरा फोकस फिलहाल लोगों की जान बचाने और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने पर है।
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारी खुद राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रभावित इलाकों में मौजूद लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी जा रही है।
अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी स्थिति में बाढ़ के पानी में जाने या नदी पार करने की कोशिश न करें। प्रशासन ने मनियारी नदी और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों को नदी, नालों और अन्य जलस्रोतों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी गई है। बारिश लगातार जारी रहने की स्थिति में नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मनियारी नदी के उफान पर आने से आसपास के अन्य गांवों में भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की टीमें भी संभावित प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं, ताकि पानी बढ़ने की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया जा सके। लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नालों में पानी बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम और नदी के जलस्तर को देखते हुए किसी तरह का जोखिम न लें।
बाढ़ प्रभावित परिवारों से भी कहा गया है कि वे राहत और बचाव दल के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। फिलहाल परसहापारा में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और उन्हें बिजरा गांव में बनाए गए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना है। इसके साथ ही प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। लगातार बारिश और मनियारी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।
