15 अगस्त को निकलेगी भगवान राम की पालकी यात्रा, स्वर्ण जड़ित चांदी के झूले में विराजेंगे रामलला

Follow Us

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की नवगठित धार्मिक समिति की पहली बैठक श्री रामवल्लभा कुंज मंदिर में संपन्न हुई। करीब 3 घंटे चली बैठक में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन, समिति सदस्य मिथिलेश नंदिनीशरण, महंत रामानंद दास समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को शाम लगभग 5 बजे राम मंदिर के गर्भगृह से गाजे-बाजे के साथ भगवान की पालकी यात्रा निकाली जाएगी।

यात्रा परिसर के उत्तरी द्वार से बाहर निकलकर मुख्य द्वार के सामने से होते हुए परकोटा और परिसर का भ्रमण करते हुए प्राचीन कुबेर टीला पर पहुंचेगी। वहां लगभग 2 घंटे का धार्मिक कार्यक्रम होगा, जिसके बाद पालकी वापस गर्भगृह पहुंचेगी, जहां स्वर्ण जड़ित चांदी के हिंडोले पर रामलला झूला झूलेंगे। इस दौरान मालपुआ, पूड़ी-खीर जैसे पारंपरिक पकवानों का भोग भी लगाया जाएगा।