कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उनके दूसरे टेस्ट में खेलने को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। सुदर्शन के दाएं पैर के अंगूठे में चोट है और वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रख रही है। बताया जा रहा है कि, बल्लेबाजी और फिटनेस अभ्यास शुरू करने के बावजूद अंगूठे की मेटाटार्सल हड्डी में दर्द चिंता का विषय बना हुआ है।
भारत के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी घुटने की चोट के कारण दो मैचों की सीरीज से बाहर हो चुके हैं। सुदर्शन की जगह देवदत्त पडिक्कल को मौका मिल सकता है। पडिक्कल ने हाल ही में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में शानदार शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत की है। उन्होंने 121 गेंदों में 14 चौकों की मदद से सेंचुरी पूरी की। वहीं, चयनकर्ता जरूरत पड़ने पर ऋतुराज गायकवाड़ को भी टीम में शामिल कर सकते हैं। अब नजर इस बात पर है कि सुदर्शन की जगह अंतिम फैसला किसके पक्ष में जाता है।
