नई दिल्ली। असम की भारतीय बैडमिंटन स्टार अश्मिता चालिहा ने रविवार को अपने करियर की बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने दक्षिण कोरिया के आसन में खेले गए कोरिया मास्टर 2026 के महिला सिंगल्स फाइनल में चीन की चौथी वरीयता प्राप्त हान कियान शी को हराकर अपना पहला बीडब्लूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया। 53 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में अश्मिता ने पहला गेम 14-21 से गंवाया, लेकिन इसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरा गेम 21-14 और निर्णायक गेम भी 21-14 से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
अश्मिता का टूर्नामेंट में सफर भी शानदार रहा। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने जापान की टॉप सीड हिना अकेची को तीन गेम में हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसके बाद सेमीफाइनल में हमवतन रक्षिता रामराज को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। यह जीत अश्मिता के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वह चोट से वापसी के बाद शानदार लय में हैं। मई में कोर्ट पर लौटने के कुछ महीनों बाद ही उन्होंने सुपर 300 स्तर का यह खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ अश्मिता ने भारतीय बैडमिंटन में अपना नाम एक खास उपलब्धि के साथ दर्ज करा दिया है।
