भाटापारा। श्री बागेश्वर कसौंधन वैश्य गुप्ता समाज, भाटापारा में श्री बागेश्वर बाबा जी के पूजन महोत्सव पर्व को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। समाज के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व एवं समस्त समाजजनों के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में बागेश्वर बाबा (भगवान भोले शंकर) की मूर्ति की स्थापना कर समाज के सभी लोगों ने पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक किया।
इसके साथ ही गणेश एवं सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पूजा के एक दिन पहले बच्चों एवं महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे बच्चों से लेकर लगभग 70 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में वैशाली श्रीमाली उपस्थित रहीं।
बागेश्वर बाबा के उत्सव के दिन मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा जी, कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा जी तथा विशेष अतिथि के रूप में प्रादेशिक अध्यक्ष आशीष गुप्ता जी एवं उनकी टीम के साथ विजय गुप्ता जी, कैलाश गुप्ता जी, समीर गुप्ता जी तथा राजनांदगांव अध्यक्ष शरद गुप्ता जी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा भाटापारा समाज के सभी वरिष्ठजनों का शॉल, श्रीफल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया।
इस वर्ष भाटापारा में विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में अतिथिगण एवं श्रद्धालु पहुंचे। शोभायात्रा एवं विसर्जन कार्यक्रम बाजे-गाजे के साथ बड़े ही धूमधाम से निकाला गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद ग्रहण करने के पश्चात भगवान शिव जी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
सायंकाल सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। समाज के सभी बंधुओं के लिए भोजन एवं फलाहार की व्यवस्था रही तथा संगीत संध्या का भी सफल आयोजन किया गया।
महिला मंडल के समस्त कार्यक्रम का संचालन माधुरी आलोक गुप्ता एवं श्रीमती किरण रवि गुप्ता ने किया। महिला मंडल के पुरस्कार वितरण समारोह का मंच संचालन ममता (शानू) गुप्ता ने किया तथा बागेश्वर बाबा के पूजन दिवस का मंच संचालन रवि गुप्ता जी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
