कोटा में युवक पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत; दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के सतनामी पारा कोटा में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक महेश धृतलहरे की AIIMS रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों तुषार महीधर उर्फ बाउ और सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका, निवासी सतनामी पारा कोटा, को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 8 अगस्त की रात करीब 12.20 बजे बलदाउ के घर के पीछे हुई। मारपीट में महेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल AIIMS रायपुर ले गए, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

महेश के भाई राजेंद्र धृतलहरे ने पुलिस को बताया कि घटना की रात मोहल्ले का बल्लू रात्रे उनके घर पहुंचा और महेश को बचाने के लिए कहा। इसके बाद राजेंद्र अपने भाई दिनेश के साथ मौके पर पहुंचे। वहां महेश घायल अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार, महेश ने तुषार महीधर और सुरेंद्र मधुकर द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात बताई थी।

महेश के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हालत गंभीर होने के कारण वह ज्यादा बातचीत नहीं कर सका और बाद में बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। युवक की मौत के बाद पुलिस अब मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस घटना के पीछे के कारण और हमले में इस्तेमाल वस्तु की भी जांच कर रही है। आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।