खेत में अचानक दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप; वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

Follow Us

कोरबा। कोरबा शहर से लगे तरदा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह खेत में काम करने पहुंचे किसानों को एक मगरमच्छ दिखाई दिया। खेत में मगरमच्छ होने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि लोगों ने सतर्कता बरतते हुए उसे सुरक्षित पकड़ लिया और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ आकार में छोटा है, जिसके चलते इसे उसका बच्चा माना जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह खेत की ओर जाते समय किसानों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में हलचल बढ़ गई।

ग्रामीणों का अनुमान है कि मगरमच्छ पास से गुजरने वाली हसदेव नदी से भटककर खेतों तक पहुंचा होगा। नदी के नजदीक होने के कारण आसपास के इलाके में और मगरमच्छ होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि फिलहाल एक ही मगरमच्छ मिला है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर सुरक्षित रखा था। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग अब आसपास के क्षेत्र पर भी नजर बनाए हुए है, ताकि किसी अन्य मगरमच्छ की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।