रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया है। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने अरुण पन्नालाल और उनके साथ पोस्ट करने वाले हंसराज गोयल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि फेसबुक पर की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया था। इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि वर्तमान में सावन का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे समय में भगवान शिव के खिलाफ इस तरह की कथित अभद्र टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है, इसलिए तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर रात में ही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी सहित शिकायत से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

