छत्तीसगढ़ में मानसून फिर हुआ सक्रिय, रायगढ़ समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मानसून द्रोणिका के सामान्य स्थिति में लौटने और बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी तंत्र और मजबूत होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पहुंच सकता है। इसके असर से उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश का जोर अधिक रहने का अनुमान है। रायगढ़ के साथ जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। प्रदेश के अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, पर्याप्त बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर में भी करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।