रायगढ़ में सूने मकान की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। खरसिया पुलिस ने मदनपुर स्थित एक सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को मदनपुर निवासी आरती उनसेना ने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात चोरों ने उनके मकान के दरवाजों की कुंडी और कब्जे तोड़कर तथा खिड़की की सरिया मोड़कर घर में प्रवेश किया। चोर घर से सबमर्सिबल पंप, कूलर, 32 इंच एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, गैस सिलेंडर, सीलिंग फैन, मिक्सी, पीतल की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, इन्वर्टर-बैटरी, कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, कृषि उपकरण, घरेलू सामान और नकदी सहित करीब 80 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए।

मामले में चौकी खरसिया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर अमन सागर (22) और सत्यम सागर (32), दोनों निवासी हरिजन मोहल्ला, खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक कूलर, 32 इंच एलईडी टीवी और तीन सीलिंग फैन सहित चोरी का सामान बरामद किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले का त्वरित खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।