रायपुर के हिस्ट्रीशीटर लल्ला सोनवानी पर NSA, जेल ले जाते समय छुड़ाने की कोशिश नाकाम

Follow Us

रायपुर। राजधानी के गोबरा नवापारा क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत केंद्रीय जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उस पर पहले से पारित एनएसए आदेश की तामील करते हुए दोबारा हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने बताया कि कलेक्टर रायपुर ने 31 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 की धारा 3(2) के तहत आरोपी को अग्रिम आदेश तक केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। आदेश के पालन के लिए पुलिस टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में लिया।

आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। वहीं, थाने से जेल ले जाते समय स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिलों में सवार करीब 15 लोग पुलिस वाहन के सामने आ गए और धक्का-मुक्की कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को पेट्रोल बम से उड़ाने, वाहन और थाने में आग लगाने की धमकी भी दी। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचा दिया।

घटना के संबंध में थाना गोबरा नवापारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों और वाहनों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के घर और दुकानों पर की गई तलाशी के दौरान पेट्रोल के अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।