‘वाराणसी’ से महेश बाबू का वीडियो लीक, एसएस राजामौली की फिल्म की 80% शूटिंग पूरी; बड़े पैमाने पर तैयार हो रहा है प्रोजेक्ट

Follow Us

हैदराबाद। एसएस राजामौली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘वाराणसी’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में साउथ सुपरस्टार महेश बाबू, ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस और अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इसी बीच फिल्म के सेट से महेश बाबू का एक शूटिंग वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया है, जिसके बाद फैंस में फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। करीब 1200 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बन रही इस मेगा प्रोजेक्ट की शूटिंग तेजी से आगे बढ़ रही है। निर्देशक एसएस राजामौली ने बताया है कि फिल्म का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। फिल्म के सबसे बड़े और चुनौतीपूर्ण एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग पूरी कर ली गई है, जबकि अब कुछ ड्रामेटिक सीन्स और पैचवर्क का काम बाकी है।

राजामौली के अनुसार, फिल्म की बची हुई शूटिंग सितंबर-अक्टूबर तक पूरी करने की योजना है। वहीं फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) पर भी बड़े स्तर पर काम चल रहा है। मेकर्स फिल्म में हॉलीवुड स्तर के CGI और अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। फिल्म की कहानी भी बेहद खास और बड़े कैनवास पर आधारित बताई जा रही है। हालांकि इसकी कहानी का जुड़ाव भारत की सांस्कृतिक नगरी वाराणसी से है, लेकिन यह एक टाइम-ट्रैवल एडवेंचर के रूप में पेश की जाएगी। फिल्म में दर्शकों को अंटार्कटिका की बर्फीली दुनिया, अफ्रीका के जंगलों और प्राचीन रोम साम्राज्य तक का सफर देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि अंटार्कटिका जैसे बेहद कठिन और माइनस तापमान वाले इलाके में शूट होने वाली यह पहली बड़ी भारतीय फिल्मों में शामिल होगी। फिल्म के विशाल स्केल और राजामौली के निर्देशन को देखते हुए ‘वाराणसी’ से दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।