मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को हल्की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी सीमित दायरे में नजर आए, लेकिन डिफेंस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स करीब 163 अंक की बढ़त के साथ 78,743 के स्तर पर पहुंचा, जबकि निफ्टी भी मामूली तेजी के साथ 24,636 के आसपास कारोबार करता दिखा। बाजार में सबसे ज्यादा मजबूती डिफेंस सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स करीब 1.25 प्रतिशत की तेजी के साथ प्रमुख बढ़त वाले सेक्टरों में रहा।
इसके अलावा फार्मा, पीएसयू बैंक, हेल्थकेयर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में भी खरीदारी का रुझान रहा। वहीं आईटी, ऑटो, रियल्टी, एनर्जी और मीडिया सेक्टर के कुछ शेयर दबाव में नजर आए। मिडकैप शेयरों में हल्की कमजोरी रही, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में तेजी दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन प्रमुख सपोर्ट स्तर बने हुए हैं। 24,650 से ऊपर टिकने पर निफ्टी में तेजी का नया दौर शुरू हो सकता है। हालांकि विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
