नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम में बने रहने के लिए अब खिलाड़ियों को पहले से ज्यादा कड़े फिटनेस मानकों पर खरा उतरना होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों की फिटनेस जांच को मजबूत बनाने के लिए ब्रोंको टेस्ट के नियमों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत खिलाड़ियों को 1200 मीटर की दौड़ पहले के मुकाबले कम समय में पूरी करनी होगी। अब यह दूरी करीब 5 मिनट 15 सेकंड से 5 मिनट 20 सेकंड के अंदर पूरी करनी होगी, जबकि पहले इसके लिए 6 मिनट का समय तय था। इसके अलावा 2 किलोमीटर दौड़ के लिए भी 9 से 10 मिनट की सीमा निर्धारित की गई है।
BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ने खिलाड़ियों में बढ़ती चोटों और फिटनेस स्तर को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। अब ब्रोंको टेस्ट को प्राथमिक फिटनेस जांच के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। बोर्ड ने टीम मैनेजमेंट और मेडिकल टीम के बीच बेहतर तालमेल के लिए नए फिटनेस पैरामीटर भी तय किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ समय में फिटनेस नियमों में सख्ती की कमी देखी गई थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। अब खिलाड़ियों को मैदान पर प्रदर्शन के साथ-साथ अपनी फिटनेस साबित करना भी जरूरी होगा, क्योंकि टीम में चयन के लिए फिटनेस टेस्ट पहले से बड़ी भूमिका निभाएगा।
