कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर दहशत फैलाने और सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स गैंग के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 8 युवकों को पकड़ा है और 7 बाइक जब्त की हैं। पकड़े गए युवकों में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ बाइकर्स कनकी धाम क्षेत्र में सड़क पर स्टंट करते और हुड़दंग मचाते नजर आ रहे थे। आरोप है कि इन युवकों ने रोड जाम कर श्रद्धालुओं को भी परेशान किया और वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर अपना दबदबा दिखाने की कोशिश की।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइकर्स की पहचान की और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, हुड़दंग और सोशल मीडिया के जरिए भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
